कानपुर में 17.7 मिमी बारिश के बाद भी उमस से घुटन, हीट इंडेक्स रेड जोन में
कानपुर में मानसून के आगमन से पहले प्री-मानसून की सक्रियता ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बेहाल कर दिया है। शनिवार-रविवार को शहर में हुई 17.7 मिमी बारिश ने दिन के तापमान को भले ही कुछ डिग्री कम किया हो, लेकिन बढ़ी हुई नमी ने घुटन बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने 30 जून से 04 जुलाई तक प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मानसून की उत्तरी रेखा धीमी गति से आगे बढ़ रही है और अगले 24 से 48 घंटों में उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकती है।
शहर में शनिवार रात से रविवार सुबह तक रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। सीएसए (चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के वेदर स्टेशन पर 17.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, हालांकि शहर के दक्षिणी हिस्सों में वर्षा कम रही। इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि रात का तापमान भी 28.4 से गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
तापमान में गिरावट के बावजूद, 71% तक पहुंचे अधिकतम आर्द्रता प्रतिशत के कारण उमस इतनी बढ़ गई कि लोगों को घुटन महसूस होने लगी। रात के समय स्थिति और भी बदतर हो गई, जिससे हीट इंडेक्स रेड जोन में चला गया। रविवार को हीट इंडेक्स 62 दर्ज किया गया, जो अत्यंत असहज स्थिति का संकेत है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 30 जून तक उमस की स्थिति बनी रहेगी, जिसके बाद इसमें बदलाव की उम्मीद है। हल्की बारिश का लंबे समय से चल रहे हीट वेव वाले क्षेत्रों में होना, उमस और घुटन भरी गर्मी को बढ़ाता है। सीएसए के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि अभी गर्मी से बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है और तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
