कानपुर देहात: पेड़ पर युवक का शव लटका मिला, परिवार में मचा कोहराम – kanpur news
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के भैसायां गांव में एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह, जो कानपुर में प्राइवेट नौकरी करता था, कुछ दिन पहले ही गांव आया था। शुक्रवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद वह घर से कानपुर जाने की बात कहकर निकला था।
शनिवार सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर रसूलाबाद-गहलू रोड पर सड़क किनारे खड़े शीशम के पेड़ पर अंगौछे के सहारे उसका शव लटका पाया गया। राहगीरों की सूचना पर पिता रामनरेश, मां बेटी कुमारी और भाई गजेंद्र मौके पर पहुंचे। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय और अनिश्चितता का माहौल है।
इस घटना की जानकारी कानपुर में रह रही पत्नी बबली को दे दी गई है। मृतक के बच्चे कृष्णा, पलक और अंजलि भी कानपुर में ही रहते हैं। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
