आगरा में आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, बदला मौसम का मिजाज
मंगलवार को आगरा में दिनभर भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। करीब 4:15 बजे 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी ने धूल के गुबार उड़ा दिए, जिससे जनजीवन कुछ देर के लिए अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह होर्डिंग भी गिर गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों की तलाश करनी पड़ी।
आंधी के तुरंत बाद करीब 15 मिनट तक हुई झमाझम बारिश ने कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत पहुंचाई। शाम ढलने के बाद भी हवा चलती रही, जिससे रात के समय भी गर्मी से निजात मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक था।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।
