0

बिहार चुनाव पर वैश्विक निगाहें, 7 देशों के प्रतिनिधि देखेंगे लाइव मतदान प्रक्रिया

By Nov 4, 2025

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण इस बार अंतरराष्ट्रीय समुदाय का भी ध्यान आकर्षित कर रहा है। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने अपने अंतर्राष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (आईईवीपी) के तहत फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका समेत सात देशों के 14 प्रतिनिधियों को बिहार बुलाया है। ये प्रतिनिधि 5 और 6 नवंबर को राज्य में रहकर चुनाव प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लेंगे, जिनमें से कुछ मतदान केंद्रों पर जाकर सीधा मतदान अवलोकन भी करेंगे।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय लोकतंत्र की पारदर्शिता, चुनावी प्रक्रिया में अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं और जन जागरूकता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा करना है। इन प्रतिनिधियों में फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड और कोलंबिया के अधिकारी शामिल हैं। 6 नवंबर को, इनमें से सात प्रतिनिधि पटना के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर विधानसभा चुनाव में लाइव मतदान का अवलोकन करेंगे।

आईईवीपी कार्यक्रम का शुभारंभ नई दिल्ली स्थित भारतीय अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) में किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) का सजीव प्रदर्शन दिखाया गया। चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदाता सूची तैयार करने, चुनाव संचालन और भारत में अपनाई गई सर्वोत्तम प्रथाओं पर विस्तृत प्रस्तुति भी दी।

पटना में, विदेशी प्रतिनिधि 5 और 6 नवंबर को ईवीएम डिस्पैच केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके अतिरिक्त, मतदान के दिन वे पटना के संवेदनशील मतदान केंद्रों का भी दौरा करेंगे ताकि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और सुरक्षा को करीब से समझ सकें।

चुनाव आयोग इस कार्यक्रम के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ सहयोग बढ़ाता है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में अपनाई गई चुनावी प्रक्रिया में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस अवसर पर कहा कि यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत में लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता जागरूकता को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। यह कार्यक्रम 2014 से सफलतापूर्वक चल रहा है और इसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता, सुरक्षा और अखंडता का प्रदर्शन किया है। इस वर्ष के प्रतिभागी अपने देशों में लौटकर बिहार की चुनाव प्रक्रिया की सटीकता और मतदाता मतदान के अनुभवों को साझा करेंगे, जिससे वैश्विक स्तर पर भारतीय लोकतंत्र की छवि और मजबूत होगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें