यूपी में हीटवेव का अलर्ट: अगले 5 दिन 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, उमस भरी गर्मी से हाल बेहाल
उत्तर प्रदेश में गर्मी का सितम एक बार फिर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 22 जून तक प्रदेश में गर्म हवाएं चलेंगी और दिन का तापमान तेजी से बढ़ेगा। कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले चार दिनों तक गर्मी और उमस की तपिश में वृद्धि जारी रहेगी। रातें भी गर्म रहने की संभावना है, जिससे लोगों की नींद छीन सकती है। हालांकि, 23 जून के आसपास मौसम में बदलाव के आसार हैं और आसमान में बादल छा सकते हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।
गुरुवार को भी दिनभर कड़ी धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। कूलर-पंखों की हवा भी गर्म महसूस हो रही थी। दिन का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में 67 फीसद आर्द्रता के कारण उमस का एहसास बना रहा।
मौसम विभाग ने बारिश के फिलहाल कोई संकेत न होने की बात कही है। ऐसे में सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अचानक बढ़ी गर्मी को देखते हुए, विश्व योग दिवस पर भी लोगों को विशेष बचाव की आवश्यकता होगी।
मंगलवार और बुधवार को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि इन दिनों कई शहरों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रहने की प्रबल संभावना है। बीमार व्यक्तियों और बच्चों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। आवश्यक होने पर ही सुरक्षा उपायों के साथ बाहर निकलें।
