मोहनलालगंज ब्लॉक दफ्तर में गिरी फाल्स सीलिंग, एडीओ सहित दो घायल: city news
मोहनलालगंज ब्लॉक परिसर स्थित आजीविका मिशन दफ्तर में गुरुवार को एक हादसा हुआ। जर्जर हो चुकी छत का प्लास्टर और उसके नीचे लगी फाल्स सीलिंग अचानक भरभरा कर नीचे गिर पड़ी। इस मलबे की चपेट में आकर एडीओ-आरडी भूपेन्द्र रस्तोगी और ब्लॉक मिशन मैनेजर सपना मामूली रूप से घायल हो गईं।
घटना के समय एडीओ और दोनों मिशन मैनेजर कक्ष में मौजूद थे। एडीओ के कंधे और सिर पर चोट आई, जबकि सपना के पैरों में मामूली खरोंचें आईं। गनीमत रही कि उस वक्त कक्ष में समूह से जुड़ी महिलाएं या अन्य लाभार्थी मौजूद नहीं थे, क्योंकि सामान्य दिनों में इस कक्ष में लाभार्थियों की भीड़ लगी रहती है।
ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) शिव कुमार ने बताया कि भवन काफी पुराना है और छत के नीचे फाल्स सीलिंग लगी होने के कारण ऊपर की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि फाल्स सीलिंग को हटवाया जा रहा है और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। इस घटना ने सरकारी भवनों के रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
