ऑपरेशन लोटस पर बोले अखिलेश, ‘जो डरेगा, चला जाएगा’, राजभर के दावे पर पलटवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के दावे पर तीखा जवाब दिया है। अखिलेश ने कहा, “जो डरेगा, वही छोड़कर चला जाएगा।” उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर अन्य दलों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इसी तरह काम करती है और कई दलों को तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा से मुकाबला करना है तो बहादुर लोगों की टीम चाहिए और समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि वे भाजपा को नहीं तोड़ेंगे और न ही उनके विधायकों को लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अन्य पार्टियों के सांसद छीन रही है और उत्तर प्रदेश में उनके (भाजपा के) विधायक भी पाला बदलने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समय आने पर ही पत्ते खोलते हैं और उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। लखनऊ में एक पत्रकार वार्ता के दौरान जब राजभर के ट्वीट पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने “दाना और गाना, कब तक चलेगा ये अफसाना” कहकर जवाब टाल दिया।
राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा का धर्म सिर्फ धन है और सीसीटीवी फुटेज गायब होने से “चढ़ावा चोरी-चंदा चोरी” का राज खुल जाएगा। उन्होंने गोरखपुर में शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाली के आंकड़े भी पेश किए और जल्द ही वहां कार्यकर्ता सम्मेलन करने की बात कही।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होना तय है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें एक पत्र सौंपा है। राजभर ने ट्वीट कर खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाले का मुद्दा भी उठाया और कहा कि इन घोटालों का मास्टरमाइंड कौन है, यह पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। उन्होंने कहा कि जब शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है।
