0

कानपुर हैलट अस्पताल के टॉयलेट में नवजात का शव, सीट तोड़कर निकाला गया; पुलिस जांच में जुटी

By Jun 13, 2026

कानपुर के हैलट अस्पताल में शुक्रवार को एक नवजात के शव मिलने से हड़कंप मच गया। अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड के टॉयलेट में शव को फ्लश करने का प्रयास किया गया था, लेकिन नवजात का कंधा फंस जाने के कारण यह संभव नहीं हो सका। इस घटना की जानकारी तब हुई जब एक मरीज ने टॉयलेट में शव देखा और तुरंत अस्पताल प्रशासन को सूचित किया।

सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचे। शव को निकालने के लिए टॉयलेट की सीट को तोड़ना पड़ा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नवजात की नाल कटी हुई थी और नाभि पर चिमटी लगी थी। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चा समय से पहले (लगभग 5-6 माह का) पैदा हुआ था।

हैलट अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल में मृत जन्मे बच्चों की जानकारी ली, लेकिन मृत पैदा हुए दो बच्चों को पहले ही दफनाया जा चुका था। प्रशासन को आशंका है कि यह बच्चा किसी निजी अस्पताल में अवैध रूप से जन्मा हो और बाद में इसे हैलट के टॉयलेट में फेंका गया हो।

इस घटना के खुलासे के लिए अस्पताल प्रशासन ने कमर कस ली है। अस्पताल परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, वार्ड के अंदर कैमरे नहीं लगे हैं, लेकिन आसपास के क्षेत्रों की फुटेज से किसी सुराग के मिलने की उम्मीद है। पुलिस को विश्वास है कि 48 घंटे की फुटेज की जांच के बाद जल्द ही इस मामले का खुलासा हो जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें