0

योगी सरकार का बड़ा फैसला: पशु चिकित्सा छात्रों का इंटर्नशिप स्टाइपेंड तीन गुना बढ़ा, कैबिनेट की मुहर

By May 18, 2026

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते (Stipend) को सीधे तीन गुना बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस फैसले के बाद अब इंटर्नशिप कर रहे भावी पशु चिकित्सकों को हर महीने 4,000 रुपए के स्थान पर 12,000 रुपए मिलेंगे।

यह सौगात मथुरा, अयोध्या और मेरठ के सरकारी पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को मिलेगी। इनमें पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान मथुरा, आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या और सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ शामिल हैं। वर्तमान में इन तीनों विश्वविद्यालयों में कुल 300 छात्र हैं, जो इस बढ़े हुए भत्ते के दायरे में आएंगे।

वित्तीय भार और व्यवस्था

पशुपालन विभाग के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार के खजाने पर प्रतिवर्ष लगभग 4.20 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इस खर्च की व्यवस्था विश्वविद्यालयों को दिए जाने वाले शासकीय अनुदान के अंतर्गत ‘गैर वेतन मद’ (Non-Salary Head) से संबंधित लेखा शीर्ष में अतिरिक्त बजटीय प्रावधान करके की जाएगी।

छात्रों का मनोबल बढ़ेगा

सरकार का मानना है कि अन्य विकसित राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के छात्रों को भी 12,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और कार्य के प्रति उत्साहवर्धन होगा। यह कदम राज्य की ग्रामीण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में पशुधन के योगदान को देखते हुए उठाया गया है।

पशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता

कैबिनेट नोट के अनुसार, उत्तर प्रदेश देश में सबसे बड़ी पशुधन आबादी वाला प्रदेश है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप, पशुओं को विभिन्न संक्रामक महामारियों से बचाने, उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा और उन्नत नस्ल के संवर्धन में भावी पशु चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मानव स्वास्थ्य के समान ही पशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि बेहतर और कुशल चिकित्सक तैयार हो सकें।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

बिहार से सीएम योगी के जनता दरबार पहुंची महिला, सीएम के जवाब से हुई गदगद, UP politics news

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिहार से आई एक महिला ने मुख्यमंत्री से केवल मिलने की इच्छा...
By May 18, 2026

साझा करें