सट्टेबाजी के खिलाफ Kasganj पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
कासगंज पुलिस ने जिले में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत अमांपुर, ढोलना और कासगंज कोतवाली क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 3885 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, डायरी, नोटबुक, पेन और अन्य सट्टा सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अमांपुर थाना पुलिस ने मुखराज पुत्र बंगाली बाबू और राजवीर पुत्र हरवीर सिंह को गिरफ्तार किया। ढोलना थाना पुलिस ने तालेवर सिंह पुत्र मौहर सिंह और महेन्द्र पुत्र होतीलाल को पकड़ा। वहीं, कासगंज कोतवाली पुलिस ने प्रदीप पुत्र प्रेमपाल को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी सट्टेबाजी के धंधे में लिप्त थे।
पुलिस टीम ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।
