Kasganj news: गेहूं खरीद के लिए 43 केंद्र स्थापित, जानें किसानों को कितना मिलेगा MSP
कासगंज जिले में किसानों से गेहूं खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में कुल 43 सरकारी क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष सरकार ने कासगंज के लिए 26,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। किसानों को इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा, जो पिछले वर्ष के 2425 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक है।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार किसानों से संपर्क करें और गेहूं की खरीद सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करने और भौतिक सत्यापन करने के लिए भी कहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि केंद्रों पर बैनर लगाए जाएं, जिन पर प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हो। साथ ही, किसानों का विवरण दर्ज करने के लिए एक रजिस्टर भी रखा जाए।
इन क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ के 27, मंडी समिति का एक और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के दो केंद्र शामिल हैं। डीएम ने मंडी सचिव को निर्देश दिए हैं कि वे सभी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराएं और यह सुनिश्चित करें कि गल्ला आढ़ती किसानों के साथ मृदु व्यवहार करें और ईमानदारी से तौल करें।
