आगरा में Agniveer भर्ती के नाम पर ठगी, 3 लाख रुपये लेकर नौकरी दिलाने का दावा करने वाला गिरफ्तार
आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नीरेश राजपूत अभ्यर्थियों को सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा था। मिलिट्री इंटेलिजेंस को पहले से ही इस तरह की गतिविधियों की आशंका थी, जिसके चलते स्टेडियम के बाहर निगरानी रखी जा रही थी।
आरोपी नीरेश ने मध्य प्रदेश से आए एक अभ्यर्थी अभिषेक राजपूत को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसकी सेना के बड़े अधिकारियों से अच्छी पहुंच है और वह 3 लाख रुपये में नौकरी और 1 लाख रुपये में मेडिकल पास करा सकता है। अभिषेक को शक होने पर उसने मिलिट्री इंटेलिजेंस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से शक्तिवर्धक इंजेक्शन और कुछ दवाएं मिलीं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी नीरेश बमरौली कटारा क्षेत्र में एक फिजिकल एकेडमी चलाता है। वह युवाओं को सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कराता है और इसी दौरान उन्हें ठगने की कोशिश करता है।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कई लोगों से पैसे लेता है और उनमें से जो अभ्यर्थी अपनी मेहनत से पास हो जाते हैं, उनका श्रेय खुद ले लेता है। जो पास नहीं हो पाते, उनकी रकम धीरे-धीरे वापस कर देता है या फिर कमजोर पड़ने पर हड़प लेता है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आरोपी के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
