आगरा में भरतनाट्यम ‘धिति’ का आयोजन, कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
आगरा के एमजी रोड स्थित एक होटल में भरतनाट्यम की आध्यात्मिक नृत्य प्रस्तुति ‘धिति’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आंचल जैन के प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं ने भरतनाट्यम पर आधारित नृतेशा, कथकम, शिव अष्टकम, श्रीरामचंद्र, स्वागतम कृष्णा, पुष्पांजलि और महागणपतिम समेत कई नाट्य प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से दर्शकों को शास्त्रीय नृत्य की विविधता से परिचित कराया।
कार्यक्रम की क्रिएटर आंचल जैन ने बताया कि वह युवाओं को भरतनाट्यम का प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य भरतनाट्यम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि देश के कम से कम 80 प्रतिशत लोग इस शास्त्रीय नृत्य विधा को जान सकें। उन्होंने बताया कि मुगल शासन के दौर के बाद भारत की कई शास्त्रीय नृत्य विधाओं के बारे में लोग कम जानते हैं और कई बार भरतनाट्यम को भी कथक समझ लिया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुधीर नारायण, बीना लवानियां, मीरा गुप्ता और दीपक प्रहलाद ने किया। इस दौरान 70 वर्षीय स्नेह लता गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभा तालेगांवकर, रोशनी गिदवानी, तरु छाया, अभिषेक निगम, गिधारी लाल शर्मा, राशि जौहरी और ज्योति खंडेलवाल सहित कई कलाकार मौजूद रहे।
