अवनीश अवस्थी की शाम की रोटी बचाने के लिए योगी आदित्यनाथ ने ली चुटकी, CM का सेंस ऑफ ह्यूमर वायरल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सख्त रवैये के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। लखनऊ में आकाशवाणी के 89वें स्थापना दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने अपने प्रमुख सलाहकार अवनीश अवस्थी और उनकी पत्नी, पद्मश्री मालिनी अवस्थी पर एक मजेदार चुटकी ली, जिसने सभी को हंसा दिया।
कार्यक्रम में जब लोक गायिका मालिनी अवस्थी को सम्मानित किया जा रहा था, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शकों के बीच बैठे अवनीश अवस्थी को भी मंच पर बुला लिया। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “जब मुझे पता चला कि श्रीमती मालिनी अवस्थी जी आ रही हैं, तो मैं समझ गया था कि अवनीश अवस्थी जी भी जरूर आ रहे होंगे।” सीएम ने आगे कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद एक बड़ी समस्या यह होती है कि अगर पत्नी के कार्यक्रम में न जाएं तो शाम की रोटी बंद होने का डर रहता है। इसलिए, शाम की रोटी सुरक्षित रहे, इसके लिए मंच पर बैठकर ताली बजाना बहुत जरूरी है।”
मुख्यमंत्री के इस मजाकिया अंदाज पर अवनीश अवस्थी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस हास्य-विनोद के बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। जब उद्घोषक ने मालिनी के मंच पर आने के समय अवनीश अवस्थी को बुलाए जाने पर कहा कि “किसी महिला की सफलता के पीछे पुरुष का हाथ होता है”, तो सीएम योगी ने तुरंत इसे सुधारा। उन्होंने कहा कि सच इसके उलट है: “किसी भी पुरुष की सफलता और उसके आगे बढ़ने के पीछे एक महिला का हाथ होता है।”
मुख्यमंत्री के इस मजाकिया अंदाज़ का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मानना है कि सीएम योगी ने जिस तरह से एक वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच के तालमेल पर चुटकी ली, वह उनके सहज और सरल व्यक्तित्व को दर्शाता है।
