स्कूलों में ‘स्कूल चलो अभियान’: बच्चों का स्वागत, कहीं खुशी तो कहीं रोते हुए पहुंचे बच्चे
लंबी छुट्टियों के बाद बुधवार को अलीगढ़ के स्कूल एक बार फिर खुले। स्कूल के गेट पर पहुंचते ही बच्चों में उत्साह और कुछ में थोड़ी घबराहट दिखी। कई बच्चे अपने दोस्तों से मिलकर खुशी से झूम उठे, तो वहीं कुछ छोटे बच्चे परिजनों से बिछड़ने के डर से रोते हुए स्कूल में दाखिल हुए। शिक्षकों और परिजनों ने उन्हें प्यार से समझाकर कक्षाओं तक पहुंचाया। इस अवसर पर ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत विभिन्न स्कूलों में बच्चों का तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। एलमपुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में एक विशेष रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता के नारे लगाए।
बच्चों के लिए यह एक नया अनुभव था, जहां वे परीक्षा की तैयारी और नए सिलेबस पर चर्चा करते नजर आए। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकाली गई रैली में ‘अब न करो अज्ञानता की भूल, हर बच्चे को भेजो स्कूल’ जैसे नारों के साथ बच्चों ने शिक्षा के महत्व को उजागर किया। इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
