दुबई की शेफ नौकरी छोड़कर लौटे शैलेश, अब गांव में फूड स्टाल से कमा रहे सम्मान
ईरान युद्ध के कारण मध्यपूर्व में उपजे तनाव के चलते कई युवा अपने देश लौट आए हैं। दुबई में शेफ की नौकरी कर रहे आगरा जिले के राटौटी गांव निवासी 41 वर्षीय शैलेश शर्मा भी ऐसे ही युवाओं में से एक हैं। उन्होंने दुबई के एक रेस्टोरेंट में आठ साल से अधिक समय तक काम करने के बाद वतन वापसी की।
हालात की अनिश्चितता को देखते हुए शैलेश ने विदेश में नौकरी पर बने रहने के बजाय अपने गांव के पास स्याहीपुरा चौराहे पर ‘मां कैला देवी स्ट्रीट फूड’ नाम से एक फूड स्टाल लगाया है। यहां वे गोलगप्पे, आलू टिक्की, छोले भटूरे, समोसे, बेढ़ई और पाव भाजी जैसे व्यंजन बेच रहे हैं।
दुबई में करीब 90 हजार रुपये मासिक वेतन पाने वाले शैलेश अब अपने स्वरोजगार से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भले ही अभी संघर्ष के दिन हैं, लेकिन वे हिम्मत नहीं हारेंगे और अपने परिवार के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने का प्रयास करेंगे। यह फूड स्टाल उन्हें स्वाभिमान के साथ जीने का अवसर दे रहा है।
