कानपुर में अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, पति पर केस दर्ज (Kanpur crime news)
कानपुर के सनिगवां चिश्ती नगर में अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता नाजरीन बानो बानो ने आरोप लगाया है कि पति अरशद अंसारी के एक स्थानीय महिला से अवैध संबंध हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पति ने उन्हें बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक, 8 मार्च को उन्होंने पति को दूसरी महिला से फोन पर बात करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। विरोध करने पर पति ने फोन काट दिया और गुस्से में आकर उनका सिर दीवार से भिड़ा दिया। इस हमले में नाजरीन की नाक की हड्डी टूट गई। पीड़िता ने बताया कि पति ने उन्हें धमकी देते हुए कहा, ‘तेरी हत्या कर आज सारा मामला ही खत्म कर दूंगा।’ इसके बाद उसने गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया।
किसी तरह जान बचाकर नाजरीन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और देवरानी के मोबाइल से अपने मायके वालों को सूचना दी। मायके वालों के पहुंचने पर आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि स्थानीय चकेरी थाने में उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा से न्याय की गुहार लगाई। एडीसीपी के हस्तक्षेप के बाद चकेरी पुलिस ने 10 दिन बाद पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
