कानपुर देहात में युवक ने पेड़ से लटककर दी जान, परिवार में पहले भी हो चुकी है आत्महत्या (Kanpur Dehat news)
कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सलेमपुर महेरा गांव में 20 वर्षीय युवक हनु कमल ने नीम के पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी था और इसी वजह से उसका घर में अक्सर विवाद होता था।
बुधवार की रात खाना खाने के बाद हनु कमल घर से बाहर निकल गया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जूनियर स्कूल के पीछे स्थित नीम के पेड़ पर उसका शव लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता मोहन कमल और बहन जानकी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि हनु कमल प्राइवेट बस में हेल्पर का काम करता था। नशे की लत के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। यह भी सामने आया है कि मृतक की मां ने भी कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी।
नार चौकी प्रभारी शिव बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
