आगरा में मधुमक्खी का हमला: शांतिभोज की भट्ठी के धुएं से भड़कीं, तीन बच्चियां घायल
आगरा जिले के बाह क्षेत्र के चौरंगाहार गांव में बुधवार को एक शांतिभोज के आयोजन के दौरान अफरा-तफरी मच गई। गांव में एक पेड़ के नीचे भट्ठी खोदी गई थी, जिस पर खाना पकाया जाना था। इसी पेड़ पर मधुमक्खियों का एक बड़ा छत्ता लगा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भट्ठी से निकलने वाले धुएं के कारण मधुमक्खियां भड़क उठीं और उन्होंने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान तीन बच्चियां अनन्या (8), जूली (14) और अर्पिता (15) मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गईं। मधुमक्खियों ने बच्चियों के शरीर पर कई जगह डंक मारे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह धुएं को शांत किया, जिसके बाद मधुमक्खियां शांत हुईं। घायल बच्चियों को तुरंत बाह सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद तीनों बच्चियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
