कानपुर में अवैध संबंध के शक में युवक पर तेजाब से हमला, आरोपी गिरफ्तार | Kanpur news
कानपुर के फीलखाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक पति ने एक युवक पर तेजाब फेंक दिया। यह घटना तब हुई जब पीड़ित युवक मोहम्मद शाहिद अपने कारखाने में काम कर रहा था। आरोपी ने उसे बाहर बुलाया और बहस के बाद उस पर तेजाब से हमला कर दिया। शाहिद ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। कारखाने के पास मौजूद अली, इरफान और तौफीक समेत अन्य स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी को पकड़ने वाले कुछ लोग भी मामूली रूप से झुलस गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल शाहिद को तत्काल इलाज के लिए उर्सला अस्पताल भेजा गया।
पीड़ित शाहिद ने बताया कि वह पटकापुर में अय्याम के कारखाने में काम करता है। आरोपी को शक था कि शाहिद का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर आरोपी अक्सर अपनी पत्नी से भी मारपीट करता था। शाहिद ने यह भी बताया कि मंगलवार को आरोपी ने अपनी पत्नी पर उस्तरे से हमला किया था, जिसमें महिला के हाथ में गंभीर चोट आई थी।
पुलिस ने पीड़ित के फुफेरे भाई परवेज की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ ज्वलनशील पदार्थ से हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने पत्नी से अवैध संबंध के शक में यह हमला किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने तेजाब खरीदने के लिए दुकानदार को बताया था कि वह घर की दीवार पर लगे पेड़ को हटाने के लिए तेजाब खरीद रहा है।
