विकास कार्यों में देरी पर CDO नाराज, समय पर handover करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने हाल ही में 50 लाख रुपये या उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि वे अनुबंध के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करें ताकि उन्हें जल्द से जल्द हैंडओवर किया जा सके। सीडीओ ने नोडल अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत सत्यापन रिपोर्ट में विभिन्न एजेंसियों द्वारा कार्य की गति धीमी होने की जानकारी पर नाराजगी व्यक्त की।
सीडीओ ने कहा कि निर्माण कार्यों का सत्यापन समय से किया जाना चाहिए और रिपोर्ट माह के पहले सप्ताह में डीएसटीओ कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली 14 सड़क परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान प्रांतीय खंड द्वारा निर्माणाधीन पाल कॉलोनी ग्वालियर रोड के पास सर्विस रोड से लहर गांव की ओर सड़क निर्माण और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा बुंदेलखंड विकास निधि के तहत बनाई जा रही सड़कों के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता आरईएस रजनीश कुमार, डीएसटीओ डॉ अर्चना सिंह, एई नवनीत सिंह सहित पर्यटन विभाग, पशुपालन विभाग और कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
