कानपुर में CNG pump लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी, 8 लोगों पर FIR दर्ज
कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में सीएनजी पंप लगवाने का झांसा देकर एक महिला से 8.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कल्याणपुर के देवी सहाय नगर निवासी डॉ. बच्चू सिंह की पत्नी कमलेश के नाम पर चौबेपुर हाईवे पर जमीन है। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अपूर्व मिश्रा ने खुद को गैस कंपनी से जुड़ा बताकर कमलेश से संपर्क किया। उसने उनकी जमीन पर सीएनजी पंप लगवाने का प्रस्ताव दिया।
अपूर्व मिश्रा ने अपने सात अन्य साथियों के साथ मिलकर एनओसी (NOC) और भूमि उपयोग परिवर्तन कराने के नाम पर कमलेश से पैसे मांगे। 5 जुलाई से 13 नवंबर 2024 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 8 लाख 79 हजार 929 रुपये जमा करा लिए।
पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और पंप लगवाने का काम शुरू नहीं किया। जब कमलेश ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें एक चेक दिया। बैंक में लगाने पर यह चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कल्याणपुर पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
