कानपुर में Bank Accountant ने जमीन के लिए दंपति-मासूम बच्ची को 1 महीने तक रखा बंधक
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बैंक अकाउंटेंट ने दो करोड़ रुपये की जमीन के लिए एक दंपति और उनकी दो वर्षीय बेटी को एक महीने तक बंधक बनाकर रखा। यह घटना कल्याणपुर क्षेत्र की है। पीड़ित परिवार शाहजहांपुर का रहने वाला है, जिसे आरोपी ने धोखे से कानपुर बुलाया था।
पीड़िता दिव्या गुप्ता ने बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद उन्हें मायके की 14 बीघा जमीन विरासत में मिली थी। डेढ़ साल पहले, एक परिचित कारोबारी के माध्यम से उनकी मुलाकात कानपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर और उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के अकाउंटेंट दीपक गंगवार से हुई। दीपक ने जमीन की कीमत 71 लाख रुपये तय कर एक लाख रुपये बयाना देकर एग्रीमेंट करा लिया था।
दिव्या के अनुसार, दीपक ने जमीन संबंधित काम का बहाना बनाकर उन्हें 5 फरवरी को परिवार समेत विजय नगर बुलाया। वहां पांच कारों में आए प्रॉपर्टी डीलर और उसके गुर्गों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया। जब दिव्या ने इतनी कम कीमत पर बैनामा करने से मना किया, तो आरोपी ने उनके पति और बेटी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मसवानपुर के एक किराए के फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया।
पीड़ित परिवार के परिजनों ने जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शनिवार को मसवानपुर के फ्लैट से तीनों को छुड़ाया। एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
