कानपुर में व्यापारी से लूट के आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में दो घायल
कानपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए व्यापारी से लूट के मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी नवाबगंज क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद हुई। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया है, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा।
यह घटना 2 मार्च को हुई थी जब फतेहपुर के जहानाबाद खजुरिया निवासी उमाकांत तिवारी बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 2.70 लाख रुपये नकद लेकर घर से निकले थे। परेड चौराहा से उन्होंने एक ऑटो लिया। ऑटो में पहले से बैठे दो युवकों ने थूकने के बहाने अजीब हरकतें कीं, जिससे उमाकांत असहज होकर उतर गए। बाद में, बड़ा चौराहा पहुंचने पर वही ऑटो चालक फिर से मिला और उन्हें बुलेट शोरूम तक छोड़ने की बात कहकर ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में पहले से बैठे युवकों ने उमाकांत को बीच में बैठा लिया।
इसके बाद, ऑटो चालक उन्हें गंगा बैराज से बिठूर रोड की ओर ले गया। एनआरआई सिटी गेट नंबर दो के पास सुनसान जगह देखकर ऑटो रोका गया। यहां बदमाशों ने उमाकांत के साथ मारपीट की और 2.70 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी ख्यौरा कटरी बिठूर रोड पर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नवाबगंज निवासी जितेंद्र उर्फ छोटू और जीतू उर्फ जितेंद्र के पैर में गोली लगी। वहीं, ख्यौरा नई बस्ती निवासी सुमित उर्फ कुटू भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
