Kanpur crime news: 26 लाख की चोरी के चार आरोपी CCTV में दिखे, पुलिस जल्द करेगी खुलासा
कानपुर के कलक्टरगंज क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए लगभग 26 लाख रुपये की नकदी और सामान चुरा लिया। घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
चोरों ने ड्राई फ्रूट्स व्यापारी सज्जन गुप्ता की दुकान से 25 लाख रुपये नकद और कुछ सामान चुराया। इसके साथ ही पड़ोसी पान मसाला व्यापारी कुशल गुप्ता की दुकान से भी करीब एक लाख रुपये की चोरी हुई। यह वारदात कलक्टरगंज थाना और एसीपी कार्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने अब तक 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में चार संदिग्धों को देखा गया है, जिनकी पहचान की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, व्यापारियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त की है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
