होली पर स्वास्थ्य सेवाओं में अलर्ट, 24 घंटे आपात सेवाएं चालू
होली के त्योहार के मद्देनजर, उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। प्रदेश भर के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और जिला स्तरीय अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।
आपात सेवाओं में तैनात चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ के सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। एंबुलेंस सेवाओं को विशेष सतर्कता बरतने और हाई रिस्पॉन्स मोड पर रहने का आदेश दिया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंबुलेंस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी कॉल पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी विभागीय स्तर पर प्रयास जारी हैं, ताकि चिकित्सा उपकरणों के संचालन में कोई बाधा न आए।
स्वास्थ्य विभाग ने ट्रॉमा, बर्न और सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बेड और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।
