0

50 हजार का इनामी शार्पशूटर पवन उर्फ कल्लू आगरा में एनकाउंटर में ढेर, लूटी पिस्टल बरामद

By Feb 28, 2026

यूपी एसटीएफ की नोएडा और आगरा यूनिट ने शुक्रवार रात आगरा के एकता थाना क्षेत्र में 50 हजार के इनामी बदमाश पवन उर्फ कल्लू को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पवन कुख्यात रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग का शार्पशूटर था। वर्ष 2016 में उसने गौतमबुद्धनगर में एडीजे के पीएसओ से .9 एमएम की सरकारी पिस्टल लूटी थी, जो मुठभेड़ के दौरान उसके पास से बरामद की गई है। एसटीएफ कई दिनों से आगरा में पवन की रेकी कर रही थी, जिसने आगरा को अपनी शरणस्थली बना लिया था। आगरा में भी उसके खिलाफ रंगदारी का एक मुकदमा दर्ज है।

सिरौली, लोनी (गाजियाबाद) निवासी पवन उर्फ कल्लू एसटीएफ के रडार पर था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ को उसके आगरा में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद नोएडा और आगरा यूनिट की संयुक्त टीम ने एकता थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों को घेरा। एसटीएफ के घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में एसटीएफ ने भी गोली चलाई। एक गोली पवन के सीने के पास लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके फरार साथी की तलाश में देर रात तक काबिंग जारी रही।

एसटीएफ के अनुसार, ढेर हुए पवन के खिलाफ ताजगंज थाने में रंगदारी मांगने का एक मुकदमा दर्ज था और वह उसमें वांछित चल रहा था। उस पर हत्या के चार, रंगदारी के दो सहित कुल 18 मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित हुआ था, जिसके बाद उसने नाटकीय ढंग से समर्पण कर दिल्ली की जेल में रहा था।

दिल्ली जेल में पवन कुख्यात हिमांशु भाऊ के गैंग के संपर्क में आया था। 2025 में जेल से बाहर आने के बाद उसने रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया था और अपने नाम का खौफ दिखाकर हत्या की धमकी देता था। हिमांशु भाऊ के गैंग के साथ मिलकर उसने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था।

वर्ष 2016 में पवन ने गौतमबुद्धनगर के बिसरख थाना क्षेत्र में आरक्षी मोनू धीमन से सरकारी पिस्टल लूटी थी, जो एडीजे प्रथम की सुरक्षा में तैनात थे। बाइक सवार दो बदमाशों ने मोनू धीमन की स्कूटी में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया था और जख्मी होने पर उसकी सरकारी .9एमएम की पिस्टल लूट ली थी। एसटीएफ ने मुठभेड़ के दौरान पवन के पास से वही पिस्टल बरामद की। सिपाही से पिस्टल लूटने का मुकदमा बिसरख थाने में दर्ज है। इस घटना के बाद से बदमाश बेखौफ हो गया था और अपराध की दुनिया में सक्रिय था।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें