कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, चोरी के मोबाइल से आया कॉल
कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार शाम को हड़कंप मच गया। डायल-112 पर एक फोन कॉल के जरिए स्टेशन को ‘ताल तलैया’ बनाने की चेतावनी दी गई। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और बम निरोधक दस्ते ने एंटी डॉग स्क्वाड के साथ स्टेशन के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान पता चला कि धमकी भरा फोन एक ऐसे मोबाइल नंबर से आया था जो बहराइच के अनिल पाठक का है। अनिल सेंट्रल स्टेशन के पास एक होटल में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसका मोबाइल 24 फरवरी को सेंट्रल स्टेशन से चोरी हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अनिल को स्टेशन पर घुमाया, लेकिन कोई खास सुराग नहीं मिला।
डीसीपी सत्यजीत गुप्त के नेतृत्व में दो घंटे तक चली सघन चेकिंग में प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज, पार्सल घर और ट्रेनों के सामान की भी जांच की गई। किसी भी तरह का विस्फोटक या बम नहीं मिला, जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस अब फोन करने वाले की तलाश में जुटी है। यह पांच साल में चौथी बार है जब कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
त्योहारों के मद्देनजर स्टेशन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। होली और गंगा मेले को देखते हुए जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और संवेदनशील स्थानों पर क्यूआरटी तैनात की गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल को देने के निर्देश दिए गए हैं। डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सूचना फर्जी निकली और शरारत के तहत दी गई थी।
कानपुर कचहरी में होली मिलन: बार डांसरों के ठुमकों पर वकील भी झूमे, वीडियो वायरल
कानपुर हॉस्टल में नर्सिंग छात्रा की मौत, परिवार में मातम, सुसाइड की आशंका
सचेंडी में तीन सड़क हादसों में चार घायल, पनकी अस्पताल में भर्ती
कानपुर के चौराहों पर ट्रैफिक लाइट की मांग, झकरकटी से हटवाएं अवैध स्टैंड: व्यापार मंडल
TIECON UP का आगाज: उद्यमियों ने खुलकर रखी बात, स्टार्टअप्स को मिला मंच
