देर रात डीजे बजाना पड़ा महंगा, गेस्ट हाउस संचालक पर दर्ज हुई FIR
कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में देर रात तक डीजे बजाना एक गेस्ट हाउस संचालक को महंगा पड़ गया। गणेश नगर स्थित साई गार्डन में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान तय समय सीमा (रात 10 बजे) के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे बजाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डीजे बंद करवाया।
पुलिस के अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए तेज ध्वनि और निर्धारित समय से अधिक डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर हलका प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इस मामले में पुलिस ने क्षेत्र के अन्य गेस्ट हाउस, पार्टी लॉन और मैरिज हॉल के संचालकों को भी चेतावनी दी है कि वे रात्रि 10 बजे के बाद डीजे न बजाएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और परीक्षाओं के माहौल को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
