योगी आदित्यनाथ का NSUI protest पर कड़ा हमला, बोले- भारत की छवि खराब करने वालों पर हो कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत मंडपम में आयोजित AI इंपैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस के युवा संगठन NSUI द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा संगठन की इस हरकत की हर भारतवासी को निंदा करनी चाहिए, क्योंकि यह देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास है।
योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि जब पूरा देश और दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक बड़ी ताकत के रूप में देख रही है, ऐसे समय में कांग्रेस के युवा संगठन ने भारत मंडपम में एक शर्मनाक घटना को अंजाम देने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्यों से दुनिया में भारत की छवि खराब करने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप सामान्य हैं, लेकिन जहां सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधि भागीदार बन रहे हों, वहां देश की छवि के साथ खिलवाड़ करना और उत्पात मचाकर अराजकता फैलाना अस्वीकार्य है। उन्होंने मांग की कि भारत की छवि खराब करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए। यह घटना देश की गरिमा और वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा पर सीधा हमला है।
