Aligarh News: एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने युवती को मारी गोली, पुलिस चौकी पर हंगामा
अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एकतरफा प्यार के चलते एक सिरफिरे ने युवती को गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब युवती अपनी दो सहेलियों के साथ नरौना 12 नंबर के पास बाजार से खरीदारी कर रही थी। आरोपी ने युवती पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे छर्रे युवती की कमर में लगे।
आरोपी गणेश को गोली चलाने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को चौकी लेकर आई। इस बीच, घायल युवती को परिजनों द्वारा अतरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, युवती खतरे से बाहर है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। ग्रामीण आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। आक्रोशित लोगों ने रामघाट रोड पर बेरियर लगाकर जाम भी लगा दिया। पुलिस कर्मियों ने चौकी का मेन गेट बंद कर लिया और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और जाम खुल सका।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गणेश गांव विधीपुर का रहने वाला है और नरौना 12 नंबर पर वेल्डिंग की दुकान चलाता है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात युवती से हुई थी। दोनों फोन पर बातचीत करते थे, लेकिन हाल ही में युवती ने बात करने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने यह कदम उठाया। पुलिस ने युवती के चाचा की तहरीर पर आरोपी गणेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
