श्वेता की मदद के लिए आगे आए कारोबारी, मिलेगा रोजगार
कल्याणपुर शंकरपुरवा की निवासी श्वेता मौर्या के जीवन में आशा की किरण जगी है। एक प्रतिष्ठित व्यवसायी और उनकी पत्नी ने श्वेता की आर्थिक तंगी की खबर सुनकर मदद के लिए कदम बढ़ाया है। गुरुवार को अखबार के दफ्तर पहुंचकर उन्होंने श्वेता को न केवल आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने का भी आश्वासन दिया। व्यवसायी संजय गुप्ता ने श्वेता को सिलाई का प्रशिक्षण दिलाने और एक सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का वादा किया है।
जब व्यवसायी ने श्वेता से उनके घर के खर्च के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि पति की मृत्यु के बाद से उन्हें अपनों से भी सहारा नहीं मिला। तीन बेटियों की परवरिश और पढ़ाई का बोझ उनके कंधों पर है। स्कूल की फीस बकाया होने के कारण बड़ी बेटी को बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड मिलने में दिक्कत हो रही थी। इस मामले में जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश देकर मदद का आश्वासन दिया था।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये जारी करने के साथ ही श्वेता को निराश्रित महिला पेंशन और बेटियों को बाल सेवा योजना से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कराई थी। इसके बावजूद, वर्तमान में श्वेता के घर राशन तक की कमी है। ऐसे में, व्यवसायी संजय गुप्ता द्वारा की गई इस मदद से श्वेता को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इस सहायता के लिए व्यवसायी और अखबार का आभार व्यक्त किया है।
