लखनऊ में राजनीतिक दलों के BLA की पोल खुली, Voter List Update में नहीं जोड़ा एक भी नाम
लखनऊ में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) की भूमिका पर गंभीर सवाल उठे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने सोमवार को अभियान का बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को जोड़ने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन हकीकत में उनका प्रदर्शन शून्य रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ जिले में विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा कुल 12,122 BLA तैनात किए गए हैं। इनमें से किसी भी एजेंट ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने (फॉर्म-6) या नाम हटाने (फॉर्म-7) के लिए कोई फॉर्म जमा नहीं किया है। यह अभियान 6 जनवरी से शुरू हुआ था और 33 दिनों तक चला, लेकिन BLA की तरफ से कोई गतिविधि नहीं दिखी।
पार्टियों ने तैनात किए हजारों BLA
आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सबसे अधिक 3,542 BLA तैनात किए हैं। समाजवादी पार्टी (SP) 3,450 एजेंटों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 2,813 और कांग्रेस के 2,250 एजेंट भी सूची में दर्ज हैं। इन सभी एजेंटों का प्रदर्शन शून्य रहा।
जनता ने सीधे जमा किए 1.63 लाख फॉर्म
BLA की निष्क्रियता के विपरीत, जनता ने सीधे निर्वाचन कार्यालय में बड़ी संख्या में आवेदन जमा किए हैं। अब तक 1.27 लाख से अधिक लोगों ने नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा किया है, जबकि 2,464 आवेदन नाम हटाने (फॉर्म-7) और 33,781 आवेदन संशोधन (फॉर्म-8) के लिए प्राप्त हुए हैं। कुल मिलाकर 1,63,507 फॉर्म जनता द्वारा सीधे जमा किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि BLA द्वारा लाए गए फॉर्म तभी स्वीकार किए जाएंगे जब वे निर्धारित घोषणा पत्र के साथ होंगे। बिना घोषणा पत्र के इन्हें केवल सामान्य शिकायत माना जाएगा।
