कानपुर में पुलिस के सामने युवक ने खुद को लगाई आग, पड़ोसी पर harassment का आरोप
कानपुर के कल्याणपुर इलाके में शनिवार रात एक युवक ने पुलिस के सामने खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक को गंभीर रूप से झुलसी हालत में उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस के मुताबिक, कल्याणपुर कला निवासी अनुराग दीक्षित उर्फ राहुल ने अपने घर के अंदर खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली। घटना के समय पुलिसकर्मी उसके घर के बाहर मौजूद थे। अनुराग के भाई अभिषेक ने बताया कि पड़ोसियों ने झूठी शिकायत कर पुलिस को बुलाया था, जिसके बाद अनुराग ने यह कदम उठाया।
दरअसल, यह पूरा मामला एक पुराने विवाद से जुड़ा है। अभिषेक के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को घर के पास भंडारे के दौरान पड़ोसी शिवम कटियार से विवाद हुआ था। शिवम और उसके परिवार ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें अनुराग की मां गीता दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। इस मामले में कल्याणपुर पुलिस ने नौ नामजद समेत 19 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। वे अक्सर झूठी शिकायतें कर पुलिस को बुलाते थे ताकि अनुराग पर दबाव बनाया जा सके। शनिवार रात भी पड़ोसियों ने पथराव की झूठी सूचना देकर पुलिस को बुलाया। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो अनुराग को थाने चलने के लिए कहा गया। इसी दबाव से परेशान होकर अनुराग ने खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली।
इस मामले पर डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया है और उसका इलाज चल रहा है। पूर्व में दर्ज मुकदमे में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि शनिवार की घटना पर तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
