कानपुर में चेन लूट की वारदात, स्कूटी से टक्कर मारकर महिला को गिराया | Kanpur Crime News
कानपुर में अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ स्कूटी सवार बदमाशों ने एक महिला को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर उसकी सोने की चेन लूट ली। यह घटना चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी चौराहे के पास हुई।
पीड़ित महिला अपने देवर के साथ कचहरी से घर लौट रही थी। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वे रामादेवी चौराहे से पहले एक नर्सिंग होम के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे दो युवकों ने उनकी स्कूटी में जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई।
आरोप है कि महिला के गिरते ही स्कूटी सवार बदमाशों ने उसके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। महिला ने तुरंत चकेरी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार युवकों द्वारा महिला को टक्कर मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिससे महिला घायल हुई थी। हालांकि, चेन लूट के आरोप की जांच के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
