AKTU news: गोद लिए गांवों के ग्रामीणों के लिए AKTU ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, कुलपति के निर्देश पर हुई जांच
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गोद लिए गांवों के ग्रामीणों के लिए जनभवन में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में दिगोई, पहाड़पुर, रैथा, पश्चिम गांव और दुग्गौर गांवों के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाओं ने हिस्सा लिया।
शिविर में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की गहन जांच की। इसमें रक्तचाप, वजन, हृदय, मस्तिष्क, कान, नाक, गला सहित कई अन्य महत्वपूर्ण जांचें शामिल थीं। जांच के आधार पर ग्रामीणों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
विश्वविद्यालय की महिला समिति की अध्यक्ष सरोज पाण्डेय के नेतृत्व में यह शिविर संचालित किया गया। उपकुलसचिव डॉ डीपी सिंह समेत डॉ आयुष श्रीवास्तव, डॉ अंजनेय शर्मा, शांतनु पाठक, शुभी पांडे, डॉ विनय चतुर्वेदी, डॉक्टर गजेंद्र गुप्ता, डॉ वर्षा शुक्ला, अंजली सिंह, शेफाली सिंह, आरजू गुप्ता सहित कई शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया। जांच के बाद ग्रामीणों ने जनभवन में लगी प्रादेशिक पुष्प, शाकभाजी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
