आगरा में ग्राहक बनकर आए चोर ने 15 लाख की चेन चुराई, CCTV में कैद हुई घटना | Agra Crime News
आगरा के किनारी बाजार में सराफा व्यापारियों को निशाना बनाने वाली एक और घटना सामने आई है। ग्राहक बनकर आए एक चोर ने अरिहंत आर्नामेंट्स नामक दुकान से 15 लाख रुपये की सोने की चेन चुरा ली। यह घटना 31 जनवरी की शाम को हुई, जब चोर ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकानदार का ध्यान भटकाया।
दुकान के मालिक सक्षम जैन ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उनके पिता मनीष जैन दुकान पर थे। शाम करीब 4:30 बजे दो युवक बाइक से आए। एक युवक दुकान के अंदर आया और सोने की चेन दिखाने को कहा। वह बार-बार चेन का वजन, कीमत और मेकिंग चार्ज के बारे में पूछकर दुकानदार को उलझाता रहा। इसी बीच, बाहर खड़े उसके साथी ने कर्मचारी को बुलाकर पता पूछने के बहाने ध्यान भटकाया।
इस मौके का फायदा उठाकर अंदर मौजूद चोर ने 80 ग्राम वजनी सोने की चेन अपनी उंगलियों के बीच दबा ली। चेन चुराने के बाद उसने यह कहकर दुकान छोड़ दी कि वह बाद में सस्ता होने पर आएगा। जब बाद में जेवरात का मिलान किया गया, तो चेन गायब मिली।
पीड़ित व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज सौंपे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश कर रही है। सराफा व्यापारियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह ग्राहक बनकर आने वाले चोरों ने वारदात को अंजाम दिया हो। पहले भी इस अंदाज में कई घटनाएं हो चुकी हैं।
