Agra Metro में विदेशी महिला का छूटा पर्स, स्टाफ ने ईमानदारी से लौटाया
आगरा मेट्रो के कर्मचारियों ने एक बार फिर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। मंगलवार को मेट्रो स्टाफ ने अमेरिका से आई एक महिला यात्री का खोया हुआ पर्स उन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया। यह घटना तब हुई जब सुरक्षाकर्मी स्टेशन पर जांच कर रहे थे और उन्हें एक लावारिस सफेद रंग का पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें अमेरिका का ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2800 रुपये नकद, एक होटल का रूम कार्ड और कुछ बेहद जरूरी मेडिकल दस्तावेज रखे हुए थे।
मेट्रो कर्मियों ने तुरंत नियमानुसार जांच-पड़ताल शुरू की ताकि असली मालिक का पता लगाया जा सके। सारी कागजी कार्रवाई और सत्यापन पूरा करने के बाद, रात करीब 8 बजे यह पर्स महिला यात्री को सौंप दिया गया। पर्स की मालकिन बरबरा एन स्टैचनिक ग्रेश हैं, जो अमेरिका के पेंसिल्वेनिया की रहने वाली हैं। अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर विदेशी मेहमान ने राहत की सांस ली। इस घटना ने यात्रियों के बीच Agra Metro की सुरक्षा व्यवस्था और ईमानदारी पर भरोसा और गहरा कर दिया है।
