यूपी में खाद का सैंपल फेल, विक्रेता और कंपनी पर FIR दर्ज | UP crime news
कासगंज जिले में कृषि विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाद विक्रेता और निर्माता कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई उर्वरक के सैंपल जांच में फेल होने के बाद की गई है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने बताया कि सोरों विकास खंड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान यह सैंपल लिया गया था। जांच में पाया गया कि विक्रेता बिना वैध लाइसेंस के ही उर्वरकों का व्यवसाय कर रहा था।
बीते वर्ष नवंबर माह में जिला कृषि अधिकारी और कनिष्ठ सहायक ने क्षेत्र में खाद-बीज विक्रेताओं के यहां निरीक्षण किया था। इस दौरान सोरों के गांव गढ़ी स्थित प्रतिज्ञा खाद बीज भंडार से टोक्यो एग्रो सल्यूशन कंपनी द्वारा निर्मित जिंक माइक्रोन्यूट्रिएंट मिक्सचर का सैंपल लिया गया था। इस सैंपल को लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय उर्वरक एवं गुण नियंत्रण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था।
प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में यह उर्वरक सैंपल अधोमानक (substandard) पाया गया। इसके बाद कृषि विभाग ने विक्रेता हरिओम मौर्य और गाजियाबाद स्थित निर्माता कंपनी टोक्यो एग्रो सल्यूशन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय तक कोई स्पष्टीकरण न मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
