Lucknow news: नाले में मिला अधेड़ का शव, 22 जनवरी से लापता था शख्स
लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने मंडी क्रॉसिंग के पास स्थित नाले में एक अधेड़ व्यक्ति का शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। मृतक की पहचान वजीरगंज निवासी मानवेंद्र श्रीवास्तव (48) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मानवेंद्र श्रीवास्तव 22 जनवरी को बिना बताए घर से निकल गए थे। जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने 23 जनवरी को वजीरगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि मानवेंद्र लंबे समय से मिर्गी के दौरे से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था।
शुक्रवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मृतक के भाई प्रवीण श्रीवास्तव ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि शव काफी फूल चुका था, लेकिन हाथ में पहनी तांबे की अंगूठी से पहचान संभव हो पाई। परिजनों ने इस मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
