कानपुर देहात में बार काउंसिल चुनाव के लिए मतदान शुरू, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कानपुर देहात में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के लिए शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। जिला जज और रिटर्निंग अफसर रवींद्र सिंह की देखरेख में यह चुनाव संपन्न कराया जा रहा है। इस चुनाव में कुल 940 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जो 300 से अधिक प्रत्याशियों में से 25 को वरीयता क्रम के अनुसार चुनेंगे।
मतदान के चलते अदालतों में सुनवाई का कार्य स्थगित रहा, जिससे कचहरी आए वादकारियों को तारीख लेकर लौटना पड़ा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच, मतदाताओं को पहचान पत्र या प्रमाण पत्र दिखाकर प्रवेश दिया जा रहा है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। जिन मतदाताओं को शुक्रवार को वोट डालने का अवसर नहीं मिलेगा, वे 31 दिसंबर को भी मतदान कर सकेंगे।
चुनाव में एकीकृत बार एसोसिएशन कानपुर देहात के पूर्व अध्यक्ष विश्वनाथ कटियार, बार काउंसिल के मौजूदा वाइस चेयरमैन अनुराग पांडेय, पूर्व चेयरमैन योगेंद्र स्वरूप, पूर्व चेयरमैन अजय यादव और पूर्व वाइस चेयरमैन अंकज मिश्रा जैसे दिग्गजों का प्रभाव दिख रहा है। वहीं, नीरज श्रीवास्तव और पवित्र दुबे जैसे नए दावेदार भी जोर-आजमाइश कर रहे हैं। अदालतों में सुनवाई न होने के कारण वादकारियों को निराशा हाथ लगी।
