यूपी में फिर बदलेगा मौसम, पश्चिमी UP Weather अलर्ट जारी; बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह से ही पश्चिमी यूपी में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जो बुधवार तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। मंगलवार शाम तक यह विक्षोभ मध्य यूपी में प्रवेश करेगा, जिससे लखनऊ और कानपुर सहित पूरे प्रदेश में बारिश होगी।
इस मौसमी बदलाव के कारण अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद 29 से 31 जनवरी के बीच तापमान फिर से गिरेगा, जिससे ठंड और कोहरे की वापसी होगी।
मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके अलावा, बांदा, फतेहपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका है।
