आगरा में प्रेमिका की हत्या: बॉयफ्रेंड ने 7 दिन पहले की थी प्लानिंग, ऐसे पकड़ा गया आरोपी | Agra murder news
आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपी विनय राजपूत ने अपनी प्रेमिका मिंकी शर्मा को मौत के घाट उतारने की योजना एक सप्ताह पहले ही बना ली थी। यह घटना ट्रांस यमुना इलाके में हुई, जहां आरोपी ने मिंकी को अपने ऑफिस में बुलाया और चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विनय और मिंकी पिछले दो सालों से प्रेम संबंध में थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार इसके लिए तैयार नहीं था। इस बीच मिंकी की दोस्ती एक अन्य युवक से हो गई, जिसका विनय विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
आरोपी विनय ने बताया कि एक सप्ताह पहले हुए झगड़े के बाद उसने हत्या की योजना बनाई। उसने बाजार से चाकू खरीदा और उसे अपने ऑफिस में छिपाकर रख दिया। शुक्रवार शाम को उसने मिंकी को ऑफिस बुलाया। वहां दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। मिंकी ने अपने भाई की शादी के लिए पैसों की मांग भी की, जिसके बाद विनय ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया।
हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर विनय को मुख्य संदिग्ध माना। मिंकी के भाई दीपक शर्मा की मदद से पुलिस ने विनय को मंडी समिति के पास बुलाया। जब विनय वहां पहुंचा, तो पहले से तैयार पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के भाई को भी हिरासत में लिया गया।
