0

भिवानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने घेरा इलाका; डॉग स्क्वाड और पुलिस टीम तैनात

By Jan 22, 2026

भिवानी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की ई-मेल धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को घेरा और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस धमकी के बाद आमजन की आवाजाही सीमित कर दी गई और प्रवेश-निकास पर कड़ी जांच लागू की गई।

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए इसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि धमकी किस स्तर की है और इसके पीछे कौन है।

धमकी के बाद बम निरोधक दस्ते, डाग स्क्वाड और पुलिस बल ने कोर्ट भवन, रिकार्ड रूम, पार्किंग, वकीलों के चैंबर और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। फिलहाल तलाशी में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है, लेकिन निगरानी जारी है। इस घटना से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, हालांकि प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में होने का आश्वासन दिया है।

पुलिस के अनुसार ई-मेल से जुड़ी तकनीकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। यह भी जांच की जा रही है कि धमकी स्थानीय स्तर से भेजी गई या किसी बाहरी नेटवर्क का उपयोग किया गया। आमजन से किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी देने को कहा गया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें