यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, 23 जनवरी से बारिश और कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। एक के बाद एक दो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ पूरे प्रदेश में अपना असर दिखाने की तैयारी में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जनवरी से प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका प्रभाव 22 जनवरी से ही शुरू हो सकता है।
इन पश्चिमी विक्षोभों के गुजर जाने के बाद तेज धूप निकलने की उम्मीद है, लेकिन सतही पछुआ हवाओं के तेज होने से कोहरे और गलन का सिलसिला फिर से शुरू हो सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने अभी तक कोहरे और गलन को लेकर कोई स्पष्ट पूर्वानुमान जारी नहीं किया है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को वाराणसी में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे वातावरण कुछ शुष्क रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 17 जनवरी को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के मैदानी इलाकों से गुजरने के बाद एक नया विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 22 से 24 जनवरी के बीच पूर्वांचल में बारिश हो सकती है, जिसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 26 जनवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने से वर्षा का नया दौर शुरू हो सकता है। ला-नीना के प्रभाव के कारण इस वर्ष ठंड के लंबी खींचने के आसार हैं।
