यूपी में दो Rajdhani Express में बम की सूचना से हड़कंप, जांच में कुछ नहीं मिला
उत्तर प्रदेश में शनिवार देर रात दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। रेलवे बोर्ड को मिली इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों ट्रेनों को रोककर सघन तलाशी अभियान चलाया। यह घटना पटना से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस और नई दिल्ली से पटना आ रही राजधानी एक्सप्रेस के साथ हुई।
पहली घटना में, राजेंद्र नगर (पटना) से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस को पीडीडीयू जंक्शन (पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) पर रोका गया। रात करीब सवा दस बजे ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर चार पर रोक दिया गया। जीआरपी, आरपीएफ, जिला पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बोगियों की जांच शुरू की।
दूसरी घटना में, नई दिल्ली से पटना राजेंद्र नगर आने वाली राजधानी एक्सप्रेस को अलीगढ़ में रोककर तलाशी ली गई। दोनों ही स्थानों पर घंटों तक चले सघन जांच अभियान के दौरान यात्रियों को बिना किसी घबराहट के रखा गया। पुलिस ने यात्रियों को बताया कि यह गणतंत्र दिवस के मद्देनजर एक सामान्य चेकिंग अभियान है, ताकि उनमें दहशत न फैले।
जांच अभियान देर रात तक जारी रहा, जिसमें 50 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। हालांकि, दोनों ट्रेनों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह सूचना फर्जी निकली। पुलिस के अनुसार, पिछले छह महीनों में इस तरह की यह तीसरी फर्जी सूचना है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर ला दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह फर्जी सूचना किसने और कहां से दी थी।
