Kasganj News: भूसे की बुर्जी में दबकर किसान की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
By
Jan 18, 2026
कासगंज जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र के मनिकापुर गांव में शनिवार को एक किसान की मौत हो गई। 32 वर्षीय रामरतन पुत्र वीरी सिंह अपने खेत पर भूसे की बुर्जी से भूसा निकालने के लिए गया था। भूसा निकालते समय अचानक बुर्जी ढह गई और रामरतन उसके नीचे दब गया।
खेत पर मौजूद अन्य किसानों ने जब बुर्जी को गिरा हुआ देखा तो उन्होंने तुरंत रामरतन के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन तुरंत खेत पर पहुंचे और आनन-फानन में भूसा हटाकर रामरतन को बाहर निकाला। तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
परिजन रामरतन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामरतन की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
