रांची में ग्राहक बनकर Carpet Merchant को बुलाया जंगल, लूटपाट के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
रांची पुलिस ने ओरमांझी थाना क्षेत्र में हुई एक लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई मोपेड, नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया है। यह घटना 13 जनवरी को हुई थी, जब उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी कालीन व्यापारी शानू खान ओरमांझी क्षेत्र में कालीन और चादरें बेच रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सबीर अंसारी ने खुद को ग्राहक बताकर व्यापारी से संपर्क किया। उसने व्यापारी को खरीदारी के बहाने कुच्चू जंगल की ओर बुलाया। व्यापारी जब सुनसान जगह पर पहुंचा, तो सबीर अंसारी ने अपने साथी अजहर अंसारी को भी वहां बुला लिया। दोनों आरोपियों ने मिलकर व्यापारी को हथियार दिखाकर डराया और उससे 5,000 रुपये नकद, 13 कालीन, 6 चादरें, एक मोबाइल फोन और उसकी मोपेड लूट ली।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी के निर्देश पर सिल्ली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
