अलीगढ़ में रोबोटिक सर्जरी का शुभारंभ: अब डॉक्टर के हाथ नहीं, मशीनें करेंगी जटिल ऑपरेशन
अलीगढ़ के रावत हॉस्पिटल ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई क्रांति ला दी है। यहां अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी मशीन का शुभारंभ किया गया है, जिससे अब कई जटिल ऑपरेशन रोबोट की मदद से किए जाएंगे। यह सुविधा मंडल में पहली है। इस तकनीक से सर्जरी अधिक सटीक होगी और मरीजों को दर्द, रक्तस्राव तथा अस्पताल में लंबे समय तक रहने से मुक्ति मिलेगी।
रोबोटिक सर्जरी में सर्जन सीधे हाथ से नहीं, बल्कि एक विशेष कंसोल से मशीन को नियंत्रित करते हैं। वे मॉनिटर पर शरीर के अंदर का थ्री-डी और हाई-रिजॉल्यूशन दृश्य देखते हुए रोबोटिक आर्म्स को संचालित करते हैं। ये आर्म्स इंसानी हाथों की तुलना में कहीं अधिक स्थिर और सटीक होते हैं, जिससे गलतियों की गुंजाइश न के बराबर रह जाती है।
इस नई तकनीक के कई फायदे हैं, जिनमें रिकवरी का समय कम होना, दर्द में कमी, संक्रमण का जोखिम कम होना, रक्तस्राव कम होना और सर्जरी के निशान छोटे होना शामिल हैं। जहां सामान्य सर्जरी में दो से तीन घंटे लगते हैं, वहीं रोबोटिक तकनीक से वही ऑपरेशन कम समय में और अधिक सटीकता से पूरा किया जा सकता है। यह तकनीक डॉक्टर की क्षमता को कई गुना बढ़ा देती है, जिससे मरीजों को कम दर्द, कम जटिलताओं और तेजी से स्वस्थ होने का लाभ मिलता है।
