मुक्तेश्वर में पर्यटकों के लिए बनेगी 400 वाहनों की पार्किंग, पर्यटन होगा सुगम
उत्तराखंड का खूबसूरत पर्यटन स्थल मुक्तेश्वर जल्द ही पर्यटकों के लिए अधिक सुगम होगा। यहां बढ़ती पर्यटकों की संख्या के कारण उत्पन्न होने वाली पार्किंग और जाम की समस्या के समाधान के लिए राज्य सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआई) की खाली पड़ी लगभग 500 वर्ग मीटर भूमि को पार्किंग के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इस भूमि पर करीब 400 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जा सकती है। यह कदम मुक्तेश्वर में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को आवागमन में होने वाली असुविधाओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नैनीताल और कैंची धाम के साथ-साथ मुक्तेश्वर भी कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में तेजी से उभर रहा है। यहां के मनोरम हिमालयी दृश्य, सेब के बागान, चौली की जाली और प्राचीन शिव मंदिर पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करते हैं।
पर्यटन सीजन के दौरान सड़कों पर जाम लगना और पार्किंग की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को परेशानी होती थी। इस नई पार्किंग सुविधा से इन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है, जिससे मुक्तेश्वर का पर्यटन अनुभव और बेहतर होगा।
